जन्मदिन पर लाहोटी ने किया शक्ति प्रदर्शन, फूंका चुनावी शंख

- सांगानेर विधायक ने धूमधाम से मनाया अपना 47 वां जन्मदिन

- समर्थकों का दावा: सांगानेर विधानसभा से पहुंचे करीब 13 हजार लोग


जस्ट टुडे
जयपुर।
प्रदेश में भाजपा की ओर से मिशन 2023 की तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। इसके लिए पार्टी स्तर पर पन्ना प्रमुख बनाने का कार्य भी जोर-शोर से चल रहा है तो वहीं जनप्रतिनिधियों ने भी चुनावी शंखनाद कर दिया है। सांगानेर विधायक अशोक लाहोटी ने भी अपने 47 वें जन्मदिन पर ना केवल शक्ति प्रदर्शन किया बल्कि यह भी संकेत देने की कोशिश की है कि सांगानेर भाजपा में कोई फूट नहीं है। उनके समर्थकों की ओर से दावा किया गया है कि उनके जन्मदिन पर सांगानेर विधानसभा से करीब 13 हजार लोगों का हुजूम उमड़ा। हालांकि, प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां, उपनेता गुलाबचंद कटारिया सहित कई बड़े नेताओं का इस मौके पर ना आना भी चर्चा का विषय बना रहा। सियासी जानकारों का कहना है कि इस जन्मदिन के बहाने विधायक अशोक लाहोटी ने चुनावी मोड में आने का संकेत भी दे दिया है। ज्ञात हो कि इससे पहले विधायक लाहोटी अपना जन्मदिन साधारण तरीके से ही मनाते रहे हैं।
   
5 घंटे लगातार चला बधाई देने का सिलसिला



मानसरोवर स्थित विवान गार्डन में मनाए गए जन्मदिन समारोह में काफी भीड़ उमड़ी। बधाई देने के लिए गार्डन में अलग से मंच बनाया हुआ था। वहां पर लाहोटी समर्थक, कार्यकर्ता और प्रशंसक उन्हें बधाई दे रहे थे। जानकारों का कहना है कि बधाई देने का सिलसिला शाम करीब 5 बजे से शुरू हुआ, जो लगातार करीब रात 10 बजे तक चला। उनके समर्थक अपनी बारी के इंतजार में घंटों बैठे भी रहे। हालांकि, इस दौरान समर्थक भजन संध्या का आनंद लेते रहे। समारोह में वसुंधरा राजे समर्थकों के दोनों गुट भी पहुंचे। संभवत: वसुंधरा राजे के जन्मदिन के बाद यह पहला मौका होगा, जब वसुंधरा समर्थक दोनों गुट एक साथ एक कार्यक्रम में नजर आए। निकाय चुनावों में टिकट वितरण से नाराज हुए लोग भी उनके जन्मदिन पर शिरकत करने पहुंचे। ऐसे में माना जा रहा है कि विधायक लाहोटी से उनके गिले-शिकवे दूर हो गए हैं।

यूपी जीत को भुनाने की कवायद

सियासी जानकारों का कहना है कि अभी तक विधायक अशोक लाहोटी विधानसभा में कम सक्रिय थे। कोरोना काल में भी कम सक्रियता को लेकर जनता और विपक्षी पार्टी ने भी उनको खूब आड़े हाथों लिया। विकास कार्य नहीं करवाने को लेकर कई दफा उनकी ही पार्टी के कार्यकर्ता उन पर जुबानी हमला कर चुके हैं। चूंकि, अब विधानसभा चुनाव करीब आ रहे हैं और संगठन ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐसे में विधायक लाहोटी ने जन्मदिन पर समर्थकों को बुलाकर शक्ति प्रदर्शन किया है। उनके समर्थकों का दावा है कि यूपी सहित चार राज्यों में भाजपा की फिर से सरकार बनने के बाद उसके पक्ष में माहौल है। ऐसे में उसी माहौल को भुनाने और बरकरार रखने के लिए भी जन्मदिन पर बड़ा कार्यक्रम किया गया है। इनका दावा है कि अभी देश में भाजपा के पक्ष में माहौल होने से सांगानेर सहित प्रदेश में आराम से जीत हासिल की जा सकती है। ऐसे में रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने, संगठन में फेरबदल कर मजबूत बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिसमें जल्द ही और तेजी लाई जाएगी।

कई पदाधिकारियों की होगी छुट्टी


पार्टी सूत्रों का कहना है कि सांगानेर में बहुत जल्द ही कई भाजपा पदाधिकारियों की छुट्टी होने वाली है। इनमें वे पदाधिकारी हैं, जो या तो निष्क्रिय हैं या फिर जिनकी कार्यशैली और बदजुबानी से कार्यकर्ता आहत हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि कुछ लोगों के लिए कार्यकर्ताओं की नाराजगी मोल लेने का खतरा नहीं उठाया जा सकता है।

ये दिग्गज पहुंचे समारोह में


विधायक लाहोटी के जन्मदिन पर उन्हें बधाई देने उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, विधायक कालीचरण सराफ, विधायक वेदप्रकाश सोलंकी, राजपाल सिंह शेखावत, अशोक परनामी और मोहनलाल गुप्ता भी पहुंचे। ये सभी नेता वसुंधरा राजे समर्थक माने जाते हैं।

Popular posts from this blog

सांगानेर में उचित मूल्य की दुकानों पर व्यवस्था नहीं उचित

सांगानेर से फिर एक बार पुष्पेन्द्र भारद्वाज

विविधता में एकता... भारत की विशेषता - बेरवाल