कोरोना में राहत के बजाय गौ माता को भाजपा पार्षद कर रहे आहत

- वार्ड 82 के भाजपा पार्षद को खाली भूखण्ड पर नहीं दिखाई दे रही गंदगी, वहां बैठने वाली गायों से परहेज

जस्ट टुडे
जयपुर।
हिन्दुत्व की पैरोकार मानी जाने वाली भाजपा पार्टी के ही पार्षद गौ माता से परेशान हैं। इन भाजपा पार्षद ने अपने घर के पास स्थित खाली भूखण्ड से गाय हटाने के लिए नगर-निगम में भी शिकायत कर दी है। खास बात यह है कि भाजपा पार्षद जिस खाली भूखण्ड से गायों को हटाना चाह रहे हैं, उस प्लॉट में व्याप्त गंदगी इन्हें दिखाई नहीं दे रही है। गंदगी हटाना इन्हीं पार्षद के जिम्मे हैं, फिर भी ये अभी तक सफाई नहीं करवा पाए हैं। कोरोना काल में कहीं ये गंदगी वार्ड में संक्रमण का बड़ा कारण नहीं बन जाए। कुछ ऐसे ही हालात हैं नगर-निगम ग्रेटर के वार्ड 82 के। इस वार्ड में भाजपा के पार्षद मनोज तेजवानी हैं। वार्ड वासियों ने बताया कि वार्ड में जगह-जगह गंदगी का आलम है। साफ-सफाई के लिए पार्षद को कई बार बोल भी दिया, लेकिन, हालात जस के तस हैं। 

गायों से पहले गंदगी हटाओ पार्षद महोदय

दरअसल, वार्ड 82 के भाजपा पार्षद मनोज तेजवानी के घर के पास एक खाली भूखण्ड है। उस भूखण्ड में चारों ओर गंदगी का साम्राज्य है। स्थानीय लोग भी कचरा डालकर कोढ़ में खाज का काम कर रहे हैं। भूखण्ड में पॉलिथिन का भी कई जगह ढेर है। यानी भूखण्ड में इतनी गंदगी व्याप्त है कि आस-पास के निवासियों का जीना दूभर है। गंदगी की वजह से मच्छर-मक्खी पैदा होकर रसोई में बने खाने को दूषित कर रहे हैं। इससे लोगों को बेवजह बीमारियों का तोहफा मिल रहा है। साथ ही बदबू से भी वातावरण दूषित रहता है। वार्डवासियों का कहना है कि वार्ड में ऐसी गंदगी कई जगह है। इस बारे में पार्षद मनोज तेजवानी को कई बार कहा, लेकिन, उन्होंने अभी तक सफाई नहीं करवाई है। वार्डवासियों का कहना है कि पार्षद को भूखण्ड में गंदगी तो दिखाई नहीं दे रही है बल्कि कुछ समय के लिए आकर बैठने वाली गायों से उन्हें दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि धूप से बेहाल गाय कुछ घंटे सुस्ताने के  लिए वहां बैठ जाती हैं। इससे वार्ड पार्षद को क्या समस्या है, यह समझ से परे है। 

सोशल मीडिया पर लोगों ने लिखा, कोरोना मेंं करो गौ सेवा

वार्ड 82 पार्षद ने गायों की वीडियो बनाकर उसे फेसबुक पर भी अपलोड किया था। इसमें कई यूजर्स ने उन्हें आड़े हाथों लिया। कुछ यूजर्स ने कहा कि पार्षद महोदय, कोरोना काल में जहां लोग एक-दूसरे की मदद को आगे आ रहे हैं, वहीं आप भी गायों को हरा चारे और पानी की व्यवस्था करो। इस कोरोना काल में इनका ध्यान कौन रखेगा। इन्हें हटाने से आपका क्या फायदा है? कुछ यूजर्स ने कहा कि जो पार्षद अपने घर के पास पार्क में कचरा साफ नहीं करवा पा रहा है, वह नगर-निगम पर आरोप लगा रहा है। इसके अलावा भी कई यूजर्स ने उन्हें आड़े हाथों लिया। 

नगर निगम ग्रेटर में है भाजपा का बोर्ड

मजेदार बात यह है कि नगर-निगम ग्रेटर में भाजपा का बोर्ड है और महापौर भी भाजपा की हैं। वार्ड 82 के पार्षद भी भाजपा के ही हैं। ऐसे में इनका कार्य नहीं होना वार्ड में चर्चा का विषय बना हुआ है। 

पार्षद नहीं लेते लिखित शिकायत

वार्ड 82 में जगह-जगह गंदगी व्याप्त है। वार्डवासियों ने कई बार पार्षद को गंदगी के बारे में शिकायत की। लेकिन, पार्षद ने अभी तक साफ-सफाई नहीं कराई है। मैं भी कई बार पार्षद को लिखित शिकायत देने गया हूं, लेकिन, वे शिकायत लेते ही नहीं है। भाजपा तो गौ माता को बचाने में लगी रहती है, वहीं इनके पार्षद इन्हें हटाने में लगे हुए हैं। कोरोना काल में पार्षद को गायों के लिए हरे चारे और पानी की व्यवस्था करनी चाहिए। साथ ही भूखण्ड सहित समस्त वार्ड में साफ-सफाई करानी चाहिए, जिससे कोरोना में संक्रमण अधिक ना फैल पाए।
- जयप्रकाश बुलचंदानी, अध्यक्ष, युवा एकता मंच

नहीं सुन रहा नगर-निगम

गायों से भूखण्ड में गंदगी फैलती है। महारानी फार्म के पास ग्रीन वैली के पशुपालकों की ये गाय हैं। वे लोग इन्हें चरने के लिए खुला छोड़ देते हैं। मैंने कई बार नगर-निगम में गायों को हटाने की शिकायत की, लेकिन, कोई भी सुनवाई नहीं कर रहा है।
- मनोज तेजवानी, पार्षद वार्ड 82

Popular posts from this blog

सांगानेर में 13 ने लिया नाम वापस, अब 37 प्रत्याशी मैदान में 

सांगानेर विधानसभा के वार्ड 75 से हटे अवैध होर्डिंग

सांगानेर से फिर एक बार पुष्पेन्द्र भारद्वाज