सांगानेर भाजपा मंडल में अब 'मंगल' क्रांति

-सांगानेर भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता मंगल सिंह चौहान ने दिया भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा

- मंडल अध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप, जल्द ही आन्दोलन करने के दिए संकेत 


जस्ट टुडे
जयपुर।
सांगानेर भाजपा मंडल के वरिष्ठ कार्यकर्ता 'मंगल' सिंह चौहान ने अब क्रांति का बिगुल बजा दिया है। मंगल का कहना है कि जिस तरह से मंगल पाण्डे ने अंग्रेजों को भगाया था, वैसे ही हम सभी निष्ठावान भाजपा कार्यकर्ता सांगानेर मंडल से बाहरी व्यक्तियों को बाहर कर देंगे। मंगल सिंह चौहान ने सम्मान नहीं मिलने से फिलहाल भाजपा की सक्रिय सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस दौरान मंगल सिंह चौहान ने जस्ट टुडे से बात करते हुए कहा कि जल्द ही और भी कई वरिष्ठ कार्यकर्ता भाजपा से इस्तीफा देंगे। उन्होंने सांगानेर भाजपा मंडल अध्यक्ष पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने जल्द ही सांगानेर में बड़ा आन्दोलन करने के भी संकेत दिए। इस आन्दोलन में भाजपा के वे सक्रिय सदस्य शामिल होंगे, जिनकी बार-बार उपेक्षा की गई है। मंगल ने चेतावनी देते हुए आगाह किया है कि 2023 के चुनावों में हम भी अपनी ताकत दिखा देंगे।  हम किसी भी कीमत पर चुप नहीं बैठेंगे। अपने हक के लिए जो उचित होगा, वह करेंगे। 

मेरी निष्ठा का बहुत अच्छा मिला इनाम

मंगल सिंह चौहान ने बताया कि मैं पिछले 20 वर्षों से ज्यादा समय से भाजपा का सक्रिय और निष्ठावान कार्यकर्ता हूं। सांगानेर में परिसीमन से पहले वार्ड 30 का मैं उपाध्यक्ष भी रह चुका हूं। उस समय घनश्याम तिवाड़ी विधायक थे। बाद में उन्होंने भारत वाहिनी पार्टी बना ली, लेकिन, मैं भाजपा को छोड़कर नहीं गया। इसके बाद भी सांगानेर भाजपा कार्यकारिणी में शामिल ना करके मुझे निष्ठा का बहुत बहतरीन इनाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्यकारिणी में भारत वाहिनी और कांग्रेस से आए लोगों को शामिल किया गया है। साथ ही इस कार्यकारिणी में एससी समाज को दरकिनार किया गया है। सिर्फ दो छोटे पद दिए गए हैं। उपाध्यक्ष और महामंत्री जैसे बड़े पदों पर एससी समाज के किसी भी व्यक्ति को नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि मुझे हर बार सिर्फ आश्वासन ही दिया गया। वहीं जब कोई कार्य होता था तो हम जैसे वरिष्ठ कार्यकर्ता ही याद आते थे।

सांगानेर प्रभारी भी नहीं जानते कार्यकारिणी के आधे लोगों को 

मंगल चौहान ने बताया कि उनकी सांगानेर प्रभारी राजेश अहलुवालिया से इस बारे में बात हुई थी। मंगल चौहान के मुताबिक अहलुवालिया ने कहा कि सांगानेर कार्यकारिणी में शामिल किए गए 8-9 लोगों को तो वे भी नहीं जानते हैं। यह सुनकर मुझे बहुत ही आश्चर्य हुआ। जब प्रभारी ही 8-9 लोगों को नहीं जानते हैं, तो ऐसे लोगों को शामिल करने से नीयत में खोट साफ दिखाई देता है। 

मंडल अध्यक्ष ने खोल रखा है पनवाड़ी सेंटर

मंगल ने आरोप लगाया कि मंडल अध्यक्ष ने पनवाड़ी सेंटर खोल रखा है। पान, गुटखा के चक्कर में सांगानेर मंडल को बर्बाद कर दिया है। साथ ही निष्ठावान कार्यकर्ताओं को रसातल में भेजने का काम किया है। पान, गुटखा खाकर वरिष्ठ और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को चूना लगाने का कार्य किया जा रहा है।

कौन सच्चा, कौन झूठा...हो गया पर्दाफाश 

भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता ने कहा कि कार्यकारिणी में नाम नहीं होने पर मैंने मंडल अध्यक्ष से बात की। मंडल अध्यक्ष ने कहा कि जयपुर शहर भाजपा अध्यक्ष राघव शर्मा ने सूची में से मेरे दिए गए कई नाम काट दिए। इसके बाद मैंने जयपुर शहर भाजपा अध्यक्ष राघव शर्मा से बात की। मैंने शहर अध्यक्ष से पूछा कि आपने मेरा नाम कार्यकारिणी से क्यों काट दिया। इस पर उन्होंने कहा कि मुझे जो लिस्ट आपके मंडल अध्यक्ष ने दी थी, वही लिस्ट मैंने जारी की है। मैंने किसी का भी नाम नहीं काटा। इसके बाद मैंने विधायक से भी बात की। उन्होंने कहा कि इस लिस्ट से मेरा कोई भी लेना-देना नहीं है। यह लिस्ट मंडल अध्यक्ष ने ही बनाई है। मंगल सिंह चौहान ने कहा कि इन सभी बातों से झूठ का पर्दाफाश हो गया है।

वार्ड अध्यक्ष की घोषणा के बाद और तेज होगा घमासान

सांगानेर भाजपा कार्यकारिणी की घोषणा से शुरू हुए बवाल के फिलहाल थमने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। जस्ट टुडे को सूत्रों से पता चला है कि कई और भी वरिष्ठ कार्यकर्ता मंगल सिंह चौहान की राह पर चलने को तैयार हैं। वहीं विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो अभी वार्ड अध्यक्षों की घोषणा बाकी है। उसके बाद सांगानेर भाजपा मंडल में और भी घमासान मचने के संकेत हैं। अभी कई कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि उन्हें कहीं ना कहीं तो एडजस्ट किया जाएगा। इसलिए वे फिलहाल वेट एण्ड वॉच की रणनीति पर कार्य कर रहे हैं। 

Popular posts from this blog

सांगानेर में 13 ने लिया नाम वापस, अब 37 प्रत्याशी मैदान में 

सांगानेर विधानसभा के वार्ड 75 से हटे अवैध होर्डिंग

सांगानेर से फिर एक बार पुष्पेन्द्र भारद्वाज