सांगानेर में घरेलू पिच...भाजपा चित

- 10 वार्डों में कांग्रेस की लहर...8 सीटों पर मिली जीत, भाजपा को सिर्फ 2 सीट


- सांगानेर में भाजपा को खुद भाजपा ने हराया



जस्ट टुडे
जयपुर। इस समय जहां टी-20 मैच का दर्शक भरपूर आनंद ले रहे हैं, वहीं निकाय चुनाव परिणाम को लेकर लोगों में उत्सुकता का माहौल था। जयपुर, जोधपुर और कोटा की छह नगर-निगमों में कांग्रेस 3 और भाजपा 2 जगह बोर्ड बना रही है। कोटा में दोनों जगह कांग्रेस का ही परचम लहराया है। वहीं जयपुर ग्रेटर में भाजपा का बोर्ड बनना तय है। साथ ही हैरिटेज में भी भाजपा का प्रदर्शन अच्छा रहा है। वहां पर दोनों ही पार्टियों के लिए निर्दलीय भूमिका निभाएंगे। वहीं सांगानेर की बात की जाए तो घरेलू पिच पर भाजपा पूरी तरह चित हो गई है। घरेलू पिच इसलिए क्योंकि, सांगानेर में विधायक भाजपा का है। ऐसे में सांगानेर के 10 वार्डों में भाजपा को सिर्फ 2 ही वार्डों में जीत नसीब हुई है। सांगानेर में सबसे ज्यादा वोटों से वार्ड 98 से हेमराज बैरवा 2114 वोटों से और सबसे कम वोटों से वार्ड 88 में माया वाल्मिकी 282 वोटों से विजयी रही। 


भाजपा से हारी भाजपा


सांगानेर में भाजपा खुद भाजपा से ही हारी है। यह सुनकर चौंकिएगा नहीं? क्योंकि, यह बिलकुल सत्य है। 'हमें तो अपनों ने मारा, गैरों में कहां दम था, हमारी कश्ती वहां डूबी, जहां पानी कम था।Ó सांगानेर में भाजपा पर यह डायलॉग बिलकुल सटीक बैठता है। सांगानेर में भाजपा अपने नाराज कार्यकर्ताओं की वजह से ही हारी है। इसका पूरा फायदा कांग्रेस को ही मिला है। यदि भाजपा के कार्यकर्ता नाराज नहीं होते तो फिर शायद कहानी कुछ दूसरी भी हो सकती थी। इस तस्वीर से साफ पता चलता है कि सांगानेर में भाजपा का टिकट वितरण सही नहीं हुआ। कई जगह जिताऊ कार्यकर्ताओं की अनदेखी भाजपा को भारी पड़ गई। एक वार्ड के टिकट वितरण का असर दो से तीन वार्डों में पड़ा है। मसलन: किसी वार्ड में भाजपा ने योग्य उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया। उस उम्मीदवार ने उस वार्ड का समीकरण तो बिगाड़ा ही, साथ ही दूसरे वार्ड में भी अपने समाज की वोटिंग भाजपा से कटवा दी। ऐसे में सांगानेर के 10 वार्डों में भाजपा का समीकरण बिगड़ गया। 


भाजपा के पक्ष में रहा सिन्धी समाज


सांगानेर में पूज्य सिन्धी पंचायत के अध्यक्ष उत्तमचंद बच्चानी ने अपने बेटे के लिए टिकट की मांग भाजपा से की थी। टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने भाजपा के खिलाफ वार्ड 89, 90 और 93 में ताल ठोक दी और कांग्रेस को समर्थन दे दिया। उन्होंने समस्त सिन्धी समाज से आह्वान किया कि वे कांग्रेस को ही समर्थन दें। लेकिन, चुनाव से पहले सिन्धी समाज में दो गुट बन गए थे। छत्तूमल नेता के आह्वान पर उन्होंने भाजपा को समर्थन दिया। इसके चलते अंतिम क्षणों में भाजपा की स्थिति मजबूत हो गई थी। इसी के चलते वार्ड 89 और 90 में भाजपा प्रत्याशी विजयी रहे। वहीं वार्ड 93 में कांग्रेस प्रत्याशी दिव्या सिंह की शुरुआत से ही स्थिति मजबूत मानी जा रही थी। यानी सांगानेर में सिन्धी समाज ने परम्परागत रूप से भाजपा को ही समर्थन दिया। 


जस्ट टुडे का एग्जेक्ट रहा एग्जिट पोल


जस्ट टुडे ने सबसे पहले सांगानेर के 10 वार्डों के एग्जिट पोल बता दिए थे। जस्ट टुडे के एग्जिट पोल काफी हद तक एग्जेक्ट भी रहे। इससे पहले जस्ट टुडे ने भाजपा उम्मीदवारों के बारे में भी पहले ही बता दिया था। जस्ट टुडे का वह अनुमान भी काफी सटीक रहा था। कई पाठकों ने जस्ट टुडे को फोन करके उनके एग्जिट पोल के सही होने पर बधाई दी। जस्ट टुडे सभी पाठकों को उनके प्यार के लिए धन्यवाद देता है। 


जयपुर में भाजपा की लहर

जयपुर ग्रेटर में भाजपा ने 88 सीटों पर विजय हासिल की है। वहीं कांग्रेस के खाते में 49 सीट और 13 पर निर्दलीय जीते हैं। ऐसे में ग्रेटर में भाजपा का बोर्ड बनना तय है। जयपुर हैरिटेज में कांग्रेस को 47 सीट और भाजपा को 42 सीट मिली हैं। वहीं 11 सीटों पर निर्दलीय विजेता बने हैं। ऐसे में हैरिटेज में दोनों ही पार्टियां अपना बोर्ड बनाने के लिए जोड़-तोड़ में लग गई हैं। 


इनके सिर बंधा जीत का सेहरा


 वार्ड          प्रत्याशी                  पार्टी                           इतने वोट से जीते

 वार्ड 88 -   माया वाल्मिकी              कांग्रेस                                  282
 वार्ड 89-    गिर्राज शर्मा                  भाजपा                                  751
 वार्ड 90-    पवन गोठरवाल             भाजपा                                  1173
 वार्ड 91-    आशीष परेवा                कांग्रेस                                   1045
 वार्ड 92-    ज्योति सैनी                 कांग्रेस                                    1239
 वार्ड 93-    दिव्या सिंह                  कांग्रेस                                      794
 वार्ड 94-   दीपिका सैनी                 कांग्रेस                                      411
 वार्ड 96-   शिवराज गुर्जर              कांग्रेस                                     1047
 वार्ड 97-   सन्नू चौधरी                 कांग्रेस                                     1123
 वार्ड 98-   हेमराज बैरवा               कांग्रेस                                      2114


Popular posts from this blog

सांगानेर में 13 ने लिया नाम वापस, अब 37 प्रत्याशी मैदान में 

सांगानेर विधानसभा के वार्ड 75 से हटे अवैध होर्डिंग

सांगानेर से फिर एक बार पुष्पेन्द्र भारद्वाज