सांगानेर में सिन्धी समाज...भाजपा के साथ 

निकाय चुनाव 2020: सांगानेर में सिन्धी समाज में बने दो गुट, पूज्य सिन्धी पंचायत के पूर्व संरक्षक ने किया भाजपा को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान



जस्ट टुडे

जयपुर। टिकट ना मिलने से नाराज सिन्धी समाज अभी तक सांगानेर में भाजपा प्रत्याशियों और विधायक अशोक लाहोटी का बहिष्कार कर रहा था। लेकिन, गुरुवार की रात उसमें नया मोड़ आ गया। सिन्धी समाज के पूर्व संरक्षक छत्तूमल नेता ने सिन्धी कॉलोनी स्थित सिन्धी सत्संग भवन में गुरुवार रात को ना केवल भाजपा प्रत्याशी का जोरदार स्वागत किया बल्कि सांगानेर में भाजपा को समर्थन देने का भी खुला ऐलान कर दिया। इससे साफ पता चलता है कि सांगानेर सिन्धी समाज में भी दो गुट बन गए हैं। एक गुट टिकट ना मिलने से भाजपा की जहां खिलाफत कर रहा है, वहीं दूसरे गुट का कहना है कि सिन्धी समाज हमेशा भाजपा का है और रहेगा। 


सिन्धी समाज ने दिया आशीर्वाद



सांगानेर भाजपा मण्डल अध्यक्ष ओमप्रकाश
ने बताया कि पूज्य सिन्धी पंचायत के पूर्व संरक्षक और सांगानेर भाजपा के वरिष्ठ नेता छत्तूमल ने गुुरुवार रात को वार्ड 90 प्रत्याशी पवन गोठरवाल का साफा और माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। छत्तूमल नेता के नेतृत्व में सिन्धी समाज ने भाजपा प्रत्याशियों को पूर्ण समर्थन देने का खुला ऐलान किया। इस दौरान सिन्धी समाज के गोविन्द तीर्थानी, तातु सिन्धी, किशोर तीर्थानी, धर्मेन्द्र खत्री, कमल सहित करीब 150 लोग उपस्थित थे। सिन्धी समाज के गणमान्य लोगों ने भाजपा प्रत्याशी को सिन्धी कॉलोनी में घर-घर लोगों से मिलवाया और समर्थन देने की अपील की। सिन्धी समाज ने पूरा समर्थन देने का विश्वास दिलाया। छत्तूमल नेता ने कहा कि सिन्धी समाज हमेशा भाजपा के साथ रहा है और आगे भी कमल के निशान पर ही वोट डालेगा। उन्होंने सांगानेर मण्डल अध्यक्ष को निकाय चुनावों में भाजपा प्रत्याशियों का पूरा समर्थन करने का विश्वास दिलाया। 


कुछ लोग निजी स्वार्थ की पूर्ति में लगे हैं



सांगानेर भाजपा मण्डल अध्यक्ष ने बताया कि सिन्धी समाज का भाजपा से कोई भी वैचारिक मतभेद नहीं है। भाजपा हमेशा से सिन्धी समाज को अपना अभिन्न अंग मानता है। सांगानेर में कुछ लोग परिवारवाद की खातिर भाजपा का विरोध कर रहे हैं। ऐसे लोग सिर्फ निजी स्वार्थ देखते हैं, इन्हें समाज से कोई भी सरोकार नहीं रहता है। जिन लोगों को भाजपा से टिकट नहीं मिला है, उनके ही कुछ परिजन भाजपा का विरोध कर रहे हैं। परिवार के कुछ लोगों के विरोध को सिन्धी समाज के विरोध के रूप में नहीं देखा जाए। सांगानेर पूज्य सिन्धी पंचायत के पूर्व संरक्षक और गणमान्य लोगों ने निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया है। हम समस्त भाजपा की ओर से पूज्य सिन्धी पंचायत का हृदय की अटल गहराइयों से साधुवाद करते हैं।


भगवान झूलेलाल दिलाएंगे जीत


सांगानेर भाजपा मण्डल अध्यक्ष ने बताया कि भगवान झूलेलाल सिन्धी समाज के साथ ही हम सभी के आराध्य हैं। लेकिन, सिन्धी समाज के कुछ लोगों ने निजी स्वार्थ की पूर्ति के लिए भाजपा प्रत्याशी को झूलेलाल मंदिर में धोक लगाने से रोका। हम इसका पुरजोर तरीके से विरोध करते हैं। भले ही हमें भगवान झूलेलाल के दर्शन नहीं करने दिए गए, लेकिन वे हमारे हृदय में निवास करते हैं। हमें विश्वास है कि उनके आशीर्वाद से सांगानेर में भाजपा प्रत्याशी विजयी होंगे। 


 


Popular posts from this blog

सांगानेर में 13 ने लिया नाम वापस, अब 37 प्रत्याशी मैदान में 

सांगानेर विधानसभा के वार्ड 75 से हटे अवैध होर्डिंग

सांगानेर से फिर एक बार पुष्पेन्द्र भारद्वाज